लेकिन यह सूरत एक पखवाड़े पहले की है। ये दोनों अब अपने अपार्टमेंट में कैद हैं। आस -पास धमाकों का शोर लगातार गूंजता है। माता -पिता के पास गांव जा नहीं सकते क्योंकि रूसी हमले में जान का खतरा है। भाई रूसी बॉर्डर पर लड़ रहा है।
पाव्लो की आंखें दुःख और भय में घिरी नजर आती है जैसे किसी ने विश्वासघात कर दिया हो। वह रोता नहीं लेकिन आवाज़ भरी हुई है। वह कहता है वे हमसे नफरत करते हैं और उनका एक ही मकसद है तबाही तबाही और तबाही। हम में से किसी ने भी नहीं सोचा था कि इक्कीसवीं सदी में कोई देश किसी देश पर यूं हमला करेगा। पुतिन पागल हो चुके हैं। हमारे देश में कोई फासीवादी ,कोई नार्सिस्ट नहीं है। मैंने कभी नहीं देखा। उन्होंने खारकीव में चार सौ रहवासी इमारतों पर हमले किये हैं। बच्चे मारे गए हैं। हम फ़िलहाल सुरक्षित हैं लेकिन मैं अपना देश छोड़कर कहीं नहीं जाने वाला। मैं यूक्रेनी हूं ,यहीं बड़ा हुआ हूं। मैं लड़ने जाना चाहता हूँ लेकिन फिलहाल मेरे आगे काफी लोगों के आवेदन हैं। जो कभी परिंदों की तरह उड़ता था आज एक कमरे में कैद है। वहां अपने कंप्यूटर की खिड़की खोल वह दुनिया से जुड़ता है। बदले में दुनिया के लोग उसकी झोली समर्थन,स्नेह और आर्थिक सहयता की पेशकश से भर देते हैं। हमेशा मुस्कुराने वाला यह जोड़ा
तकलीफ के बावजूद हिम्मत बांधे दिखता है। दुनिया के लिए यह नए किस्म का अनुभव है। युद्धरत या कहें कि युद्ध में धकेल दिए गए छोटे-से देश के वासी सीधे तकनीक के ज़रिये अपनी बात कह रहे हैं। बिना डरे साहस के साथ। जंग के इलाकों से इतना सीधा संपर्क शेष दुनिया को पहली बार हो रहा है। उम्मीद की यह बुरा वक्त जल्द खत्म हो और कोई देश यूं किसी देश के वजूद को न रौंदे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें